ताजा खबर
प्रशासन ने नहीं दी अनुमति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ग्वालियर में शुक्रवार को प्रशासन ने चुनावी सभा लेने की अनुमति नहीं दी। श्री बघेल सिर्फ प्रेसवार्ता ही ले सके। उन्होंने इस दौरान कृषि कानूनों को लेकर केन्द्र सरकार पर जमकर हमला बोला। श्री बघेल ने कहा कि कृषि कानून बड़े उद्योगपतियों के लिए बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के उपचुनाव को थोपा गया है। भाजपा ने खरीद-फरोख्त कर सरकार गिराई है। कुछ ऐसी ही कोशिश राजस्थान में भी की थी। छत्तीसगढ़ में उनकी कोशिशें सफल नहीं हो सकती। क्योंकि कांग्रेस को वहां तीन चौथाई बहुमत मिला हुआ है। श्री बघेल ने कहा कि 15 साल के सरकार में भाजपा 15 सीटों तक सिमट गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक चुनाव और हुए थे। इसके बाद भाजपा 14 सीटों तक सिमट कर रह गई। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार तो गिरा नहीं सकती, इसलिए केन्द्र की सरकार सीबीआई, ईडी, आईटी आदि का प्रयोग कर रही है। श्री बघेल ने कृषि कानूनों को लेकर केन्द्र सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कृषि कानून के जरिए मंडी, एमएसपी आदि को खत्म करना चाहती है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि वे नागपुर गए थे, वहां एक बड़े उद्योगपति ने अभी से गोदाम बनवा लिया है।
श्री बघेल ने कहा कि कृषि कानूनों से राज्य को काफी नुकसान होगा। छत्तीसगढ़ की सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए कानून बनाएगी। इसके लिए विधानसभा का सत्र बुलाया जा रहा है।


