ताजा खबर
छत्रपति संभाजीनगर, 20 फरवरी। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर के तिसगांव इलाके में किराए के मकान में बेटी की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो जाने के बाद, एक दंपति को ऑटो रिक्शा में उसका शव लेकर जाते समय हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे तब सामने आई जब ऑटो रिक्शा चालक ने पुलिस को सूचना दी।
उन्होंने बताया, "उसने पुलिस को दंपति के साथ एक भारी गद्दे के बारे में बताया, जिसके बाद एक टीम ने ऑटो रिक्शा को रोका। गद्दे में एक महिला का शव छिपाया गया था। दंपति ने बताया कि शव उनकी बेटी का है, जिसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने दावा किया कि वे शव को कर्नाटक ले जा रहे थे।"
अधिकारी ने बताया, "पूछताछ करने पर दंपति ने बताया कि 21 वर्षीय नंदिनी धिवरे का दो साल पहले प्रेम विवाह हुआ था, लेकिन नंदिनी के पति ने उसे छोड़ दिया था और वह कुछ दिन पहले अपने मायके लौट आई थी। दंपति और बेटी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। बृहस्पतिवार की रात महिला का उसके माता-पिता ने कथित तौर पर गला घोंट दिया। हालांकि इस पहलू की जांच चल रही है।"
वालुज पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु का कारण स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (भाषा)


