ताजा खबर

अरपा किनारे मिले शव का राज खुला, लूट के लिए की गई थी हत्या
20-Feb-2026 12:17 PM
अरपा किनारे मिले शव का राज खुला, लूट के लिए की गई थी हत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 20 फरवरी। करीब सात महीने पहले अरपा नदी के चेकडैम के नीचे मिले युवक के शव की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि लूट के इरादे से की गई बेरहमी भरी हत्या थी।

मालूम हो कि 15 जुलाई 2025 को अरपा नदी के पचरी घाट डैम के पास एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बाद में शव की पहचान ग्राम नरगोड़ा निवासी 25 वर्षीय राजेंद्र सूर्यवंशी के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डायटम रिपोर्ट, विसरा जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर साफ हो गया कि युवक की मौत सामान्य डूबने से नहीं हुई थी। मारपीट के बाद उसे नदी में फेंका गया था। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो युवकों को विकास उर्फ भोले केवट और शनि उर्फ छोटू गंधर्व ( दोनों की उम्र 20 वर्ष) को हिरासत में लिया गया।  दोनों से सीएसपी गगन कुमार और थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर ने सख्ती और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे डैम के दूसरी ओर शराब पी रहे थे। लौटते समय उन्होंने राजेंद्र को अकेले बैठे देखा। उन्हें लगा कि उसके पास मोबाइल और पैसे होंगे।

लूट की नीयत से दोनों ने उस पर हमला कर दिया। जब राजेंद्र ने विरोध किया तो उसे बुरी तरह पीटा गया। वह बेहोश हो गया। सबूत मिटाने के लिए उसे पुल की रेलिंग से नीचे नदी में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी उसका मोबाइल और नगदी लेकर भाग निकले थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट