ताजा खबर
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार उनके द्वारा बनाए गए आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) वीडियो डिलीट करवा रही हैं. कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यह आईटी रूल्स 2021 का घोर दुरुपयोग है.
दरअसल, कांग्रेस ने सोशल प्लेटफ़ॉर्म्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बनाए हुए एआई वीडियो पोस्ट किए थे. इनके ज़रिये कांग्रेस ने पीएम मोदी को नरवणे की क़िताब से जुड़े विवाद, भारत-अमेरिका ट्रेड डील और एपस्टीन फ़ाइल्स से जुड़े मुद्दों पर घेरा था.
सुप्रिया श्रीनेत ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "पिछले कुछ दिनों से एआई को लेकर बड़ी चर्चा हो रही है. आपके सामने कुछ तथ्य रख देती हूं, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा."
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 6 हफ़्तों में कांग्रेस के एआई से बने 9 वीडियो डिलीट करवाए गए हैं.
"मैं स्पष्ट कर दूं कि ये सभी वीडियो क़ानून के तहत बने थे, जिनमें एआई डिस्क्लेमर थे. जो दिखाता है कि हमने किसी को भ्रमित करने की कोशिश नहीं की. लेकिन बीजेपी और ख़ुद प्रधानमंत्री मोदी सच से इतना डरते हैं कि वो सच के 'नाट्य रूपांतरण' से भी ख़ौफ़ खाते हैं."
श्रीनेत ने आरोप लगाया कि वीडियो को डिलीट करने का आदेश बीजेपी शासित राज्यों की पुलिस से आ रहा है, जिनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार जैसे राज्य शामिल हैं. ये भी हो सकता है कि एआई वीडियो को डिलीट करवाने का आदेश सीधे आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव के मंत्रालय से आया है.
उन्होंने कहा, "इनमें से अधिकांश वीडियो डिलीट और ब्लॉक करने के आदेश आईटी एक्ट, 2000 की धारा 69(A) और धारा 79(3)(B) का हवाला देते हैं. वीडियो को डिलीट करवाना आईटी रूल्स 2021 का घोर दुरुपयोग है, जो राजनीतिक विरोधियों के ख़िलाफ़ इस्तेमाल किया जा रहा है." (bbc.com/hindi)


