ताजा खबर

प्रगति प्लेटफॉर्म से विकास योजनाओं में तेजी से काम हो रहा - मुख्यमंत्री
29-Jan-2026 8:04 PM
प्रगति प्लेटफॉर्म से विकास योजनाओं में तेजी से काम हो रहा - मुख्यमंत्री

2 लाख करोड़ की 50 परियोजनाएं पूरी,39 में तेजी से काम जारी -साय 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 जनवरी। सीएम विष्णु देव साय ने आज शाम एक पत्रकार वार्ता में प्रदेश में चल रहे विकास परियोजनाओं  को लेकर प्रगति डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हो रही मानिटरिंग स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं मानिटरिंग करते हैं। इस वजह से परियोजनाएं जल्द स्वीकृत और तेजी से पूरी हो रहीं हैं। इसका सीधा लाभ आम जनता को हो रहा है।

उन्होंने कहा कि 2014 तक देश प्रदेश में विकास कार्यों की घोषणाएं होती थीं और उन्हें पूरा होने में क‌ई वर्ष लग जाते थे। तो कुछ लेट लतीफी के कारण जनता को लाभ नहीं मिल पाता था। 2015 में पीएम मोदी ने प्रगति प्लेटफॉर्म लाकर स्वयं निगरानी कर परियोजनाओं को पूरा करने में सीधे समाधान करते हैं। साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारी दोनों मिलकर काम करते हैं तो बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं। इस प्लेटफॉर्म के जरिए 85 लाख करोड़ की 3300 परियोजनाओं की मानिटरिंग शामिल की गई हैं।  साथ ही पीएम आवास, जन-मन, स्वनिधि जैसी 31 अन्य हितग्राही मूलक योजनाएं भी है। 36 सेक्टर में शिकायत निवारण होता है। 377 परियोजनाओं की समीक्षा की जा रही है। इसमें 3108 बाधक मुद्दे सामने आए जिनमें से 2958 का समाधान किया जा चुका है। रेलवे की 427 योजनाओं के 1568 बाधक मुद्दों में से 1437 हल कर लिए गए। इस प्लेटफॉर्म के जरिए प्रदेश में रेलवे योजनाओं में 370% वृद्धि हुई है। सड़क निर्माण में भी 3 गुना तेजी आई है। पहले 11.6 किमी सड़क प्रतिदिन बनती थी आज 34 किमी बन रही है‌।1463 सड़क योजनाओं में 2095 मुद्दे सामने आए थे जिनमें से 1967 हल कर लिए गए हैं। 
साय ने बताया कि 458 परियोजनाएं क्रियान्वित हो रही हैं 937 पर काम चल रहा है। बिजली की 416 परियोजनाओं 803 बाधक मुद्दों का हल कर लिया गया है। साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 99 राष्ट्रीय अवसंरचना की 6.11लाख करोड़ की बिजली, सड़क, रेलवे आदि की योजनाएं  हैं। इनमें से 2.21 लाख करोड़ की 50 सफलतापूर्वक पूरी हो गई हैं। इसी तरह से 3.90 लाख करोड़ की 39 परियोजनाओं में तेजी आई है। इससे जन सामान्य को लाभ मिल रहा है।
इस मौके पर उद्योग सचिव रजत कुमार, सीपीआर रवि मित्तल भी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट