ताजा खबर
अभनपुर में 21 से शुरू होगा, और 30 जून तक चलेगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 जून। प्रदेश के नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों का दस दिनी प्रशिक्षण शिविर 21 तारीख से शुरू हो रहा है। यह शिविर 30 जून तक चलेगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक दिन प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।
एआईसीसी महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने इस सिलसिले में पत्र जारी कर सभी नव नियुक्त अध्यक्षों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
यह प्रशिक्षण शिविर अभनपुर स्थित श्री अशुतोष अलका अप्पलवार मंगल भवन में आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारी चल रही है। प्रशिक्षण शिविर को लेकर पार्टी के प्रभारी महामंत्री वेणुगोपाल ने पत्र जारी किए हैं, और कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत तथा सक्रिय बनाना है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले 10 फरवरी को नई दिल्ली के इंदिरा भवन में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ था। अब छत्तीसगढ़ में विस्तृत प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि राहुल गांधी ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है और वे शिविर के दौरान किसी एक दिन उपस्थित होकर प्रतिभागियों को मार्गदर्शन देंगे।
एआईसीसी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी एआईसीसी सचिवों से पूरे 10 दिनों तक शिविर में उपस्थित रहने की अपेक्षा की गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और एआईसीसी महासचिव (प्रभारी) से भी कम से कम पांच दिनों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पत्र में सभी प्रतिभागियों से 21 जून को दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने का अनुरोध किया गया है।


