ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 5 जनवरी। नक्सलियों द्वारा पूर्व से लगाए गए प्रेशर बम के विस्फोट में कोरचोली निवासी एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सोमवार की सुबह लेंड्रा कोरचोली जंगल क्षेत्र में हुई।
जानकारी के मुताबिक गंगालूर थाना क्षेत्र के ग्राम कोरचोली नदीपारा निवासी राम पोटाम (15 वर्ष) पिता स्व. लच्छु पोटाम, सुबह के समय जंगल की ओर गया हुआ था। इसी दौरान वह नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आ गया। विस्फोट के कारण ग्रामीण के पैर में गंभीर चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों द्वारा घायल को तत्काल 222 बटालियन केरिपु कैम्प, कोरचोली लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। इसके पश्चात बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया। घटना के बाद सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा आईईडी की खोज एवं निष्क्रियकरण की कार्रवाई लगातार जारी है।
सुरक्षा बलों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जंगल एवं दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या सामग्री की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना अथवा सुरक्षा कैम्प को दें।


