ताजा खबर

तेज रफ्तार ट्रेलर ने मजदूर को रौंदा, हाईवे पर चक्काजाम
05-Jan-2026 1:16 PM
तेज रफ्तार ट्रेलर ने मजदूर को रौंदा, हाईवे पर चक्काजाम

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर/ कोरबा, 5 जनवरी। बिलासपुर–कोरबा नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आकर एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।

यह घटना पाली थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान मिलनदास (55 वर्ष), निवासी ग्राम करतला के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रविवार रात काम निपटाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रतनपुर–पाली के बीच बिलासपुर–कोरबा नेशनल हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। पहिए के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक ट्रेलर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और गुस्से में हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो चुका था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निलेश पांडेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
बाद में राजस्व अधिकारियों के मौके पर पहुंचने, कार्रवाई का भरोसा देने और परिजनों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराने के बाद चक्का जाम समाप्त हुआ।

जाम खुलने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को उठवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। एएसपी अर्चना झा ने बताया कि ग्राम बगदेवा के पास हाईवे पार करते समय यह हादसा हुआ। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 


अन्य पोस्ट