ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 24 फरवरी। आज कबीरधाम पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 9 क्विंटल गांजा जब्त किया है। जब्त गांजा की कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई गई है। कंटेनर को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना चिल्फी क्षेत्र में नागालैंड पासिंग एक कंटेनर वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 30-30 किलो की 30 बोरियों में भरा करीब 900 किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस ने कंटेनर वाहन को भी जब्त कर लिया है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले में आयाज खान, निवासी भरतपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में गांजा ओडिशा से राजस्थान ले जाने की जानकारी सामने आई है।
आरोपी से पूछताछ जारी है और प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


