ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 5 जनवरी। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पुलिस के तत्वावधान में पुलिस परेड मैदान से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तक वाकाथन निकाली गई और एरोबिक्स-जुंबा के जरिए सड़क सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
एक से 31 जनवरी तक जिलेभर में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम, परिवहन, शिक्षा-स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सामाजिक संगठनों के समन्वय से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
4 जनवरी को पुलिस परेड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधीश संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, यातायात प्रभारी रामगोपाल करियारे, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, एएसपी ग्रामीण अर्चना झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक संगठनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्वागत के बाद हजारों प्रतिभागियों ने पुलिस परेड मैदान से शहर के मार्गों पर वाकाथन कर यातायात नियमों का संदेश दिया और वापस मैदान पहुंचकर एरोबिक्स-जुंबा में भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य, मनोरंजन और जन-भागीदारी के जरिए सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन बनाना था। प्रशिक्षकों और मास्टर ट्रेनर्स के निर्देशन में एरोबिक्स-जुंबा के दौरान हेलमेट, सीट-बेल्ट, गति-सीमा और नियम पालन पर संदेश दिए गए।


