ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर 5 जनवरी। अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है। शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने निकले कलेक्टर संजय अग्रवाल और नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कोनी क्षेत्र में हो रही अवैध प्लाटिंग पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही नगर निगम की अतिक्रमण शाखा और जोन क्रमांक-8 की टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से तैयार किए गए मार्गों को तोड़ते हुए लगाए गए पोल हटा दिए।
कोनी क्षेत्र में खसरा नंबर 235 की भूमि पर केशव पाण्डेय, वीणा, अभिषेक और अंकित पाण्डेय द्वारा लगभग दो एकड़ जमीन में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। वहीं दूसरी ओर गुड़ाखू फैक्ट्री के सामने और कंचन विहार के पीछे खसरा नंबर 191 की लगभग तीन एकड़ भूमि पर स्वयंराज बिल्डर द्वारा अवैध प्लाटिंग की जा रही थी।
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि बिना अनुमति कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों को ताक पर रखकर प्लाटिंग करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
नगर निगम ने अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई करते हुए दो मामलों में नोटिस जारी किए हैं। व्यापार विहार में प्लेनेटेरियम के पास नियम विरुद्ध भवन निर्माण पर कैलाश माघवानी को नोटिस दिया गया है। वहीं व्यापार विहार के बी-9 भूमि खंड में अनुमति के विपरीत निर्माण करने पर आशीष अग्रवाल, अमर अग्रवाल और अभिषेक अग्रवाल को नोटिस जारी किया गया है।


