ताजा खबर

ब्रेल के 200 साल पर केंद्रीय मंत्री ने दिया दिव्यांग सशक्तिकरण और समान अवसरों पर जोर
05-Jan-2026 11:55 AM
ब्रेल के 200 साल पर केंद्रीय मंत्री ने दिया दिव्यांग सशक्तिकरण और समान अवसरों पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नई दिल्ली, 5 जनवरी। ब्रेल लिपि के आविष्कार की 200वीं वर्षगांठ पर नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड द्वारा दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर का भव्य आयोजन किया गया। देशभर से सैकड़ों दृष्टिबाधित प्रतिभागियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि ब्रेल केवल पढ़ने-लिखने का माध्यम नहीं, बल्कि दृष्टिबाधितजनों की स्वतंत्रता, आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान का आधार है। उन्होंने महान लुई ब्रेल के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि मात्र 15 वर्ष की आयु में विकसित छह बिंदुओं ने अंधकार को चुनौती दी और ज्ञान का उजास फैलाया।

मंत्री साहू ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिव्यांगजनों को करुणा की नहीं, बल्कि शक्ति की दृष्टि से देखा गया है। ‘दिव्यांग’ शब्द उनके भीतर निहित दिव्य चेतना और विशेष क्षमताओं का सम्मान करता है। सरकार की नीतियों का मूल उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर गरिमापूर्ण जीवन देना है।

उन्होंने एक्सेसिबल इंडिया अभियान और स्मार्ट सिटी मिशन का उल्लेख करते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर टैक्टाइल पाथ, ब्रेल सूचना पट्ट और बाधा-मुक्त ढांचे विकसित किए जा रहे हैं, ताकि दृष्टिबाधित नागरिक स्वतंत्र रूप से आवागमन और सेवाओं का उपयोग कर सकें।

मंत्री ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत आरक्षण और उच्च शिक्षा में सुलभ व्यवस्था से समान अवसर का अधिकार सुदृढ़ हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिव्यांग युवा, कलाकार और खिलाड़ी ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।


अन्य पोस्ट