ताजा खबर

इंदौर में दूषित पानी: नए नगर निगम आयुक्त ने बताया अब क्या एक्शन लिया जा रहा है?
05-Jan-2026 10:14 AM
इंदौर में दूषित पानी: नए नगर निगम आयुक्त ने बताया अब क्या एक्शन लिया जा रहा है?

दूषित पानी के मुद्दे पर इंदौर नगर निगम के नए आयुक्त क्षितिज सिंघल ने प्रतिक्रिया दी है.

उन्होंने कहा, "हमारी प्राथमिकता ये है कि जो प्रभावित क्षेत्र हैं, वहां पर हम सुविधाजनक रूप से सुरक्षित जल उपलब्ध करा सकें. उसके लिए टीमें सर्वे कर रही हैं और लोगों को उसके बारे में जागरूक भी कर रही हैं."

"क्लोरीन टैबलेट बांटी जा रही हैं. पीने के पानी के लिए टैंकर के ज़रिए पानी का वितरण किया जा रहा है."

उन्होंने कहा, "दूसरी समस्या इन्फ़्रास्ट्रक्चर से जुड़ी है जो कि पाइपलाइन के संबंध में है, उसमें भी हम लोग स्टडी कर रहे हैं."

इंदौर में भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी को लेकर आलोचना झेल रही मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को इंदौर नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव का तबादला कर दिया था.

इसके बाद आईएएस क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम आयुक्त बनाया गया है.

वहीं इस मामले में कांग्रेस बीजेपी सरकार पर हमलावर है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दूषित पानी के मामले में सीएम मोहन यादव को ज़िम्मेदार ठहराया है.

उन्होंने आरोप लगाया, "इंदौर नगर निगम में जिस तरह का भ्रष्टाचार हुआ है, उससे 16 लोगों की मौत हो गई...मोहन यादव इसके लिए मुख्य रूप से ज़िम्मेदार हैं. वह सबसे ज़्यादा दोषी हैं."

जीतू पटवारी ने कहा, "इस मामले में नगरीय प्रशासन मंत्री को इस्तीफ़ा देना चाहिए और जवाबदेही तय होनी चाहिए... जो लोग इसके लिए ज़िम्मेदार थे, उनके ख़िलाफ़ गैर इरादतन हत्या का मामला क्यों नहीं दर्ज किया जाना चाहिए?"

उन्होंने बताया कि इंदौर में कांग्रेस 11 जनवरी को मार्च करेगी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट