ताजा खबर
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम से बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफ़िज़ुर रहमान को निकाले जाने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रतिक्रिया दी है.
शशि थरूर ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "मैं काफ़ी समय से कहता आ रहा हूं कि खेल को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए, या यूं कहें कि राजनीतिक नाकामियों का बोझ खेल पर नहीं डाला जाना चाहिए."
उन्होंने कहा कि हक़ीक़त ये है कि भारत और बांग्लादेश के बीच बातचीत और जुड़ाव के कई दूसरे रास्ते पहले से मौजूद हैं.
कांग्रेस सांसद ने कहा, "हमारे विदेश मंत्री अभी कुछ दिन पहले ही वहां थे और उस व्यक्ति से मुलाक़ात की, जिन्हें अगले चुनाव का संभावित विजेता और अगला प्रधानमंत्री माना जा रहा है."
थरूर ने कहा कि भारत बांग्लादेश के लोगों के साथ अलग-अलग स्तरों पर संपर्क में है.
उन्होंने कहा, "ऐसे नाज़ुक समय में मुझे लगता है कि यह एक काफ़ी दुर्भाग्यपूर्ण और नासमझी भरा फ़ैसला था."
क्या है मामला?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफ़िज़ुर रहमान को टीम से रिलीज़ करने के लिए कहा था.
मुस्तफ़िज़ुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 के लिए नौ करोड़ रुपये से अधिक में ख़रीदा था. बॉलीवुड सुपर स्टार शाहरुख़ इस टीम के मालिकों में से एक हैं.
बीसीसीआई के सेक्रेट्री देवजीत सैकिया ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया था कि ये फ़ैसला हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए लिया गया है.
उन्होंने बताया कि बोर्ड केकेआर को मुस्तफ़िज़ुर रहमान के बदले किसी दूसरे खिलाड़ी को रखने की इजाज़त देगा.
इससे पहले भारत में दक्षिणपंथी संगठन और कुछ बीजेपी नेताओं ने मुस्तफ़िज़ुर रहमान को केकेआर टीम में शामिल करने पर शाहरुख़ ख़ान से नाराज़गी जताई थी. (bbc.com/hindi)


