ताजा खबर
हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार में भी कमी का दावा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 4 जनवरी । राजधानी जिले के एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने रविवार को एक प्रेसवार्ता आयोजित कर वर्ष 2025 में शहर की कानून-व्यवस्था और आपराधिक गतिविधियों की स्थिति पर आंकड़ों के साथ विस्तृत जानकारी दी। यह उनके ही कार्यकाल का रहा। वर्ष 25 की शुरुआत में जो आंकड़े रखे थे उस दौरान संतोष सिंह एसएसपी रहे। खास बात यह भी है कि बतौर जिला एसएसपी यह आखिरी पीसी रही। अब 23 जनवरी से रायपुर में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू होने जा रही है।
डा सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में रायपुर शहर में अपराधों के आंकड़ों में गिरावट दर्ज की गई है। करीब 2000 आपराधिक घटनाओं में कमी आई है।
सिंह ने कहा कि यह पुलिस की सख्त निगरानी, प्रभावी गश्त, तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग और आम जनता के सहयोग से संभव हो पाया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में विशेष रूप से गंभीर अपराधों जैसे हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार जैसे मामलों में भी कमी देखने को मिली है। इसके साथ ही चोरी, वाहन चोरी और नकबजनी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में भी गिरावट दर्ज की गई है।
आईपीएस लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि रायपुर पुलिस ने वर्ष भर अपराध नियंत्रण के लिए कई रणनीतिक कदम उठाए। सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाना और साइबर क्राइम पर विशेष फोकस शामिल रहा। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई और जागरूकता अभियानों के कारण भी अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सका। कप्तान ने यह भी बताया कि नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियानों का सकारात्मक असर देखने को मिला है। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कई तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिससे नशे से जुड़े अपराधों में भी कमी आई है। साथ ही आदतन अपराधियों पर निगरानी रखते हुए उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
सिंह ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद रायपुर पुलिस ने पूरे साल मेहनत और समर्पण के साथ काम किया है।
उन्होंने आम नागरिकों को भरोसा दिलाया कि वर्ष 2026 में भी रायपुर पुलिस अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए और अधिक प्रभावी कदम उठाएगी।


