ताजा खबर

पीएम आवास योजना के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़
04-Jan-2026 1:28 PM
पीएम आवास योजना के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

बैंक में अमानत का झांसा देकर जेवरात हड़पने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों के जेवर जब्त
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 4 जनवरी। प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि दिलाने का लालच देकर लोगों से नकद और जेवरात ऐंठने वाले शातिर ठगों के एक गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर अलग–अलग स्थानों पर मोटरसाइकिल बदलते हुए चार वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। इस कार्रवाई में पुलिस ने सोने–चांदी के जेवरात सहित ढाई लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाते थे। वे पीड़ितों से कहते थे कि यदि तत्काल रकम या जेवरात अमानत के रूप में जमा नहीं किए गए तो योजना निरस्त हो जाएगी। इसी बहाने वे सोने–चांदी के आभूषण और नकद राशि लेकर फरार हो जाते थे। इस तरह की लगातार शिकायतें मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने अलग–अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में हर घटना के दौरान दो संदिग्ध पैशन प्रो मोटरसाइकिल से आते–जाते दिखे। हुलिए के आधार पर दीनदयाल कॉलोनी क्षेत्र से रामप्रसाद यादव और जितेन्द्र यादव को तलब कर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जानकी भट्ट, उषा साहू, अगमदास टंडन और शांति बाई यादव से ठगी करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से मोटरसाइकिल, 4,500 नकद और 2 लाख 56 हजार मूल्य के सोने–चांदी के जेवरात बरामद किए गए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि जेवरात गनियारी निवासी कन्हैया सोनी के पास गिरवी रखे गए थे, जिसे बाद में गिरफ्तार किया गया।

इस प्रकरण में रामप्रसाद यादव (65), जितेन्द्र यादव (38) और कन्हैया सोनी (45) को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।

 


अन्य पोस्ट