ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 4 जनवरी। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया तेज हो गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार बार एसोसिएशन सदस्यों के लिए दावा–आपत्ति की प्रक्रिया जारी है, जो 5 जनवरी तक चलेगी। जिन अधिवक्ताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे इस अवधि में निर्वाचन समिति के समक्ष आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 15 दिसंबर तक बकाया शुल्क जमा करने वाले सदस्यों के आधार पर 17 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी। अब दावा–आपत्तियों के निराकरण के बाद 9 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
निर्वाचन अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्रों का वितरण 12 से 16 जनवरी तक किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 19 जनवरी तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की जांच के बाद 21 जनवरी को उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 23 जनवरी की शाम तक नाम वापसी की सुविधा दी जाएगी। अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की सूची 27 जनवरी को जारी होगी।
बार एसोसिएशन चुनाव के लिए 5 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतों की गिनती अगले दिन 6 फरवरी को की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विजयी उम्मीदवारों को 10 फरवरी को शाम 4 बजे प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।


