ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 4 जनवरी। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. अशोक गजानन मोडक का 86 वर्ष की आयु में मुंबई के एक निजी अस्पताल में जनवरी 2026 की रात निधन हो गया। प्रो. मोडक जुलाई 2018 से विश्वविद्यालय के चांसलर पद पर आसीन थे।
विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सभा कक्ष में 3 जनवरी 2026 को सायं 5 बजे आयोजित शोक सभा में कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल आभासी माध्यम से जुड़े। उन्होंने कहा कि प्रो. मोडक महान व्यक्तित्व के धनी थे और विश्वविद्यालय के उत्कर्ष के लिए निरंतर चिंतनशील रहते थे। जनजातीय समाज के उत्थान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उल्लेखनीय रही, और उनका जाना शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
कुलसचिव प्रो. अश्विनी कुमार दीक्षित ने भी गहन संवेदना व्यक्त की। प्रो. ए.एस. रणदिवे ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर विभिन्न विद्यापीठों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारियों ने प्रो. मोडक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


