ताजा खबर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को भारत के साथ पड़ोसी देशों के रिश्तों को लेकर टिप्पणी की है. इसी हफ़्ते जयशंकर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देने गए थे.
शुक्रवार को आईआईटी मद्रास में 'नेबरहुड फ़र्स्ट पॉलिसी' से जुड़े एक सवाल पर एस जयशंकर ने कहा, "हमारे कई तरह के पड़ोसी हैं... अगर आपका पड़ोसी आपके साथ अच्छा है और आपको नुक़सान नहीं पहुंचा रहा है तो आप नेचुरल तौर पर उसके साथ अच्छे रहेंगे. आप उसकी मदद करेंगे. अच्छे संबंध बनाए रखने की कोशिश करेंगे... हम एक देश के तौर पर भी यही कर रहे हैं."
उन्होंने कहा कि अच्छे पड़ोसी अपने पड़ोसी की मदद करते हैं.
जयशंकर ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना आतंकवाद के मुद्दे पर निशाना भी साधा.
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन, आपके पास बुरे पड़ोसी भी होते हैं. दुर्भाग्य से हमारे पास हैं. अगर आप पश्चिम की तरफ़ देखेंगे तो एक हैं. वे आतंकवाद को लगातार बढ़ावा दे रहे हैं. हमें आतंकवाद से हमारे लोगों की रक्षा करने का अधिकार है. जो भी ज़रूरी कद़म होंगे, हम उठाएंगे. आप हमसे यह उम्मीद नहीं कर सकते कि हम आपके साथ अपना पानी साझा करें और आप हमारे देश में आतंकवाद भी फैलाते रहें."
जयशंकर ने कहा कि अगर भारत विकास करेगा तो उसके पड़ोसी भी उसके साथ विकास करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश की यात्रा के दौरान उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की. (bbc.com/hindi)


