ताजा खबर

महिला रेल कर्मी से सीनियर डीसीएम ने किया दुर्व्यवहार, लिखित शिकायत
02-Jan-2026 6:47 PM
महिला रेल कर्मी से सीनियर डीसीएम ने किया दुर्व्यवहार, लिखित शिकायत

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 2 जनवरी ।
 दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर के मुख्य आरक्षण कार्यालय में पदस्थ एक महिला कर्मचारी ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश त्रिवेदी द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत की है। महिला ने डीआरएम दयानंद को इस घटना का विवरण अपने आवेदन पत्र में प्रस्तुत करते हुए तत्काल विभागीय जांच और उचित कार्यवाही की मांग की है। आवेदन के अनुसार, घटना  31 दिसंबर 25 की है। महिला कर्मचारी शाम करीब 03:30 से 04:00 बजे के बीच मंडल कार्यालय पहुंची थीं। उनका उद्देश्य वरिष्ठ अधिकारी डी.सी.एम. से अपनी प्रमोशन फाइल के संबंध में चर्चा करना था। वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि डी.सी.एम. किसी कार्य में व्यस्त हैं। इसके बाद महिला ने सीनियर डी.सी.एम. अवधेश त्रिवेदी को फोन लगाकर नम्रतापूर्वक फाइल के आगे बढ़ाने के लिए अनुरोध किया।

आवेदन में बताया गया कि सीनियर डी.सी.एम. ने फोन पर कहा कि फाइल आगे बढ़ा दी गई है, लेकिन उन्होंने महिला से यह पूछते हुए कहा कि उन्हें किसने बताया कि फाइल उनके टेबल पर है। महिला ने स्पष्ट किया कि यह जानकारी उन्हें कार्मिक विभाग के कर्मचारी आनंद और वाणिज्य विभाग के बृजेश से मिली है। इस पर सीनियर डी.सी.एम. अवधेश त्रिवेदी ने आवेश में आकर जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। उन्होंने महिला को कहा, “तुम मुझे नहीं जानती कि मैं कौन हूँ, मैं तुम्हारा सीनियर डी.सी.एम. हूँ और तुम मुझे बार-बार आरोप लगा रही हो। आप हर समय इसी तरीके का कार्य करती हो।”   

महिला ने कहा कि उन्होंने गलत जानकारी नहीं दी है और केवल कार्यालय से प्राप्त तथ्य साझा किए हैं। इसके बावजूद, सीनियर डी.सी.एम. ने ए.सी.एम. के चेम्बर में छह से सात अन्य कर्मचारियों के सामने महिला कर्मचारी को अपमानित किया।  आवेदन में बताया गया कि कार्यालय से बाहर निकलने के बाद भी महिला कर्मचारी को अन्य स्टाफ के सामने दोबारा अपमानित किया गया। 
वही इस मामले में सीनियर डी.सी.एम. अवधेश त्रिवेदी ने कहा है कि उनके द्वारा ऐसी कोई भी बातें नहीं कही गई है। जिन वरिष्ठ अधिकारियों तक शिकायत की गई है वो जांच कर सकते है और वे अपने सीनियर को जवाब दे देंगे।


अन्य पोस्ट