ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 जनवरी। राजधानी रायपुर में 23 तारीख को पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होगी। कहा जा रहा है कि बाकी राज्यों की तरह पुलिस कमिश्नर को फिलहाल मजिस्ट्रियल पावर नहीं रहेंगे। इससे परे पीएचक्यू से अब तक कमिश्नरी के लिए सेटअप का प्रस्ताव नहीं भेजा गया है।
गृह विभाग के उच्च पदस्थ सूत्रों ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि विधिवत 23 तारीख से पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू हो जाएगी। इससे पहले पुलिस कमिश्नर और अन्य पदों पर अफसरों की पदस्थापना भी कर दी जाएगी।
बताया गया कि कैबिनेट की बैठक में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव को औपचारिक मंजूरी दी गई थी, लेकिन सेटअप आदि पर कोई फैसला नहीं हुआ है। सूत्रों के मुताबिक पीएचक्यू ने अब तक कमिश्नरी के लिए सेटअप नहीं भेजे हैं। प्रस्ताव पर गृह विभाग में समीक्षा होगी, और फिर वित्त को प्रस्ताव भेजे जाएंगे।
सूत्रों का कहना है कि अगले 10-15 दिनों के भीतर सारी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। यह भी बताया गया कि पुलिस कमिश्नर को मजिस्ट्रियल पावर नहीं होंगे। अधिकारों को लेकर बाद में एक्ट में संशोधन किया जाएगा।


