ताजा खबर
कांग्रेस ने छूटे मतदाताओं के नाम जोडऩे की मांग की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,2 जनवरी। प्रदेश कांग्रेस ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि इस प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं। पार्टी ने ऐसे पंचायतों की सूची जारी की है, और कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में यह स्थिति चिंताजनक है। पार्टी के प्रमुख नेताओं ने इस सिलसिले में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार से मुलाकात की, और बताया कि नए मतदाताओं का नाम नहीं जुड़ पा रहा है। फॉर्म ही नहीं मिला है। नए बूथों में बीएलओ नहीं हैं।
प्रदेश कांग्रेस ने इस सिलसिले में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन भी दिया है, और मांग की है कि प्रदेश के प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निर्देश जारी कर ग्राम पंचायत, वार्ड एवं बूथ स्तर पर शिविर लगाकर छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं।
कांग्रेस ने पत्र में कहा है कि एसआईआर के तहत निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अनेक पात्र नागरिकों के नाम विभिन्न कारणों से दर्ज नहीं हो पाए। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, आदिवासी अंचलों, श्रमिक वर्ग, प्रवासी नागरिकों, युवाओं तथा नए पंजीकरण योग्य मतदाताओं को इस प्रक्रिया में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है।
पत्र में बताया गया है कि दस्तावेजों की कमी, जानकारी का अभाव और तकनीकी समस्याओं के चलते कई ऐसे नागरिक, जो संविधान द्वारा प्रदत्त मताधिकार के पूर्ण रूप से पात्र हैं, मतदाता सूची से बाहर रह गए हैं। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति बताया है।
कांग्रेस ने यह भी उल्लेख किया है कि खेती का मौसम समाप्त होते ही बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों में चले जाते हैं, जिससे वे एसआईआर प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए। इसके अलावा बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सलवा-जुड़ूम के दौरान विस्थापित हुए आदिवासी परिवारों के नाम भी बड़ी संख्या में छूटने की बात कही गई है।
पत्र में विशेष रूप से बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कई ग्राम पंचायतों और गांवों का उल्लेख किया गया है, जहां पूरे-पूरे परिवार रोजगार के लिए प्रदेश से बाहर चले गए हैं और उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है।
कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया है कि इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रक्रिया निर्धारित की जाए और प्रभावित क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर पात्र मतदाताओं के नाम जोडऩे की सुविधा प्रदान की जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मताधिकार से वंचित न रह जाए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री शैलेष नितिन त्रिवेदी, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, शहर जिला अध्यक्ष श्री कुमार मेनन सहित अन्य नेता मौजूद थे।


