ताजा खबर

राजभाषा संसदीय समिति ने क्षेत्रीय पीआईबी रायपुर को संतोषजनक कार्य का प्रमाणपत्र
01-Jan-2026 5:08 PM
राजभाषा संसदीय समिति ने क्षेत्रीय पीआईबी रायपुर को संतोषजनक कार्य का प्रमाणपत्र

छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 1 जनवरी ।
 राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने के लिए पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर को राजभाषा संसदीय समिति के निरीक्षण के उपरांत संतोषजनक कार्य करने का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। 

राजभाषा संसदीय समिति ने निरीक्षण के दौरान  कार्यालयीन पत्राचार, प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्यों, प्रेस विज्ञप्तियों, प्रकाशनों, डिजिटल एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हिंदी के प्रयोग, द्विभाषी व्यवस्था, राजभाषा अधिनियम एवं नियमों के पालन की विस्तार से जांच की।  समिति ने यह पाया कि रायपुर कार्यालय  राजभाषा से संबंधित सभी निर्देशों का गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ पालन कर रहा है।

 रायपुर में आयोजित संसदीय राजभाषा दूसरी  उपसमिति की समीक्षा बैठक में अपर महानिदेशक डॉ. रॉय ने बताया कि पीआईबी का प्रयास है कि केंद्र सरकार की योजनाओं, नीतियों और कार्यक्रमों से संबंधित सूचनाएं सरल, सहज और प्रभावी हिंदी में अधिकतम लोगों तक पहुंचें।
उपनिदेशक  रमेश जायभाये ने राजभाषा के प्रभावी उपयोग के लिए कार्यालय द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों एवं नवाचारों की जानकारी दी।

संयुक्त सचिव  आर. के. जेना ने कहा कि राजभाषा के सफल कार्यान्वयन में पीआईबी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह कार्यालय सरकारी संचार को जनोन्मुखी बनाने में प्रभावी योगदान दे रहा है।

इस निरीक्षण से पूर्व राजभाषा संसदीय समिति को सौंपे जाने वाले अभिलेखों एवं रिपोर्ट तैयार करने में पत्र सूचना कार्यालय मुख्यालय, नई दिल्ली से  प्रदीप कुमार, सहायक निदेशक, एवं राजीव कुमार कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। वहीं पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर के कार्यालय से आशुलिपिक परमानंद साहू ने भी राजभाषा से संबंधित दस्तावेजों एवं रिपोर्ट तैयार करने में सहयोग प्रदान किया।

 राजभाषा संसदीय समिति द्वारा संतोषजनक कार्य का प्रमाणपत्र प्रदान किए जाने पर पीआईबी, नई दिल्ली में उपनिदेशक श्रीमती रेखा रानी सूर्य ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे  सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।


अन्य पोस्ट