ताजा खबर
विधानसभा में विशेष चर्चा सीएम ने कहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 दिसंबर।वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को विधानसभा में विशेष चर्चा में सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि वंदे मातरम् देशप्रेम का वह जज्बा था जिसकी गूंज से ब्रिटिश हुकूमत तक कांप उठती थी। यह गीत हमें उस संघर्ष, उस पीड़ा और उस अदम्य साहस की याद दिलाता है, जिसने भारत को स्वतंत्रता दिलाई।
साय ने कहा कि यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान करोड़ों भारतीयों के हृदय में साहस, त्याग और बलिदान की अग्नि प्रज्वलित करता रहा।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, खुदीराम बोस सहित असंख्य क्रांतिकारी वंदे मातरम् का जयघोष करते हुए मां भारती के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर चढ़ गए
सीएम ने कहा कि यह गीत हमारी राष्ट्रीय चेतना का आधार स्तंभ है और हमें हमारी विरासत, हमारी सांस्कृतिक चेतना और हजारों वर्षों की सभ्यता से जोड़ता है।
वंदे मातरम् और भारतीय संस्कृति
साय ने कहा कि भारतीय परंपरा में धरती को माता के रूप में पूजने की भावना रही है, जिसे हम मातृभूमि कहते हैं।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् इसी भाव का सशक्त और पवित्र स्वरूप है, जो हमें प्रकृति, भूमि और राष्ट्र के प्रति सम्मान और कर्तव्यबोध सिखाता है ।


