ताजा खबर
बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में उन्नयन हेतु ₹300 करोड़ के विशेष अनुदान की मांग
नई दिल्ली/रायपुर 17 दिसंबर । सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से भेंट कर छत्तीसगढ़ की हवाई कनेक्टिविटी से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा कर मांग-पत्र सौंपे।
सांसद श्री अग्रवाल ने रायपुर एयरपोर्ट के विस्तार, क्षमता वृद्धि एवं उसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित किए जाने, रायपुर से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन, तथा बिलासपुर एयरपोर्ट के उन्नयन कर शीघ्र पूर्ण रूप से चालू कर नियमित विमान सेवाएँ प्रारंभ करने की माँग रखी।
उन्होंने बिलासपुर जैसे प्रमुख संभागीय मुख्यालय में एयरपोर्ट के पूर्ण संचालन न होने को क्षेत्रीय असंतुलन का प्रतीक बताते हुए इसे शीघ्र चालू करने की आवश्यकता पर बल दिया।
श्री अग्रवाल ने बिलासा देवी हवाई अड्डे (PAB) को 3C से उन्नत कर 4C श्रेणी में विकसित करने हेतु 300 करोड़ रुपए के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग की।
सांसद ने बताया कि, वर्तमान रनवे को 1,500 मीटर से बढ़ाकर 2,885 मीटर तक विस्तारित करना पूरी तरह संभव है। इसके लिए रक्षा मंत्रालय द्वारा 290 एकड़ भूमि लौटाने की सहमति भी है।
यहां बड़े विमानों के संचालन हेतु नए एटीसी टावर, रनवे विस्तार और आधुनिक टर्मिनल भवन के निर्माण के लिए ₹300 करोड़ के विशेष केंद्रीय अनुदान प्रदान किया जाए। नायडू ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना, उनके दूरदर्शी सुझावों की सराहना की और आवश्यक कार्यवाही का सकारात्मक आश्वासन दिया।


