ताजा खबर
-इमरान क़ुरैशी
सरकारी सहायता प्राप्त एक स्कूल में मिड डे मील में कीड़े मिलने का वीडियो वायरल होने के बाद कर्नाटक के कोप्पल ज़िले के डिप्टी कमिश्नर ने मंगलवार को छात्रों के साथ दोपहर का खाना खाया.
डिप्टी कमिश्नर सुरेश बी इतनाल ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा कि एक वीडियो जिसमें एक व्यक्ति के हाथ में कुछ कीड़े दिख रहे हैं, वह फ़र्ज़ी है. उन्होंने कहा कि यह वीडियो स्कूल के बाहर किसी व्यक्ति ने बनाया है.
उन्होंने कहा कि प्लेट में रखे खाने में कुछ लार्वा दिखने वाला दूसरा वीडियो असली है. उन्होंने बताया कि यह वीडियो नौ दिसंबर को बिसरहल्ली स्कूल में सामने आया था.
छात्रों को कीड़े वाला मिड डे मील परोसने के मामले में स्कूल के रसोइए और सुपरवाइज़र को नौकरी से हटा दिया गया है. ये दोनों अस्थायी कर्मचारी थे.
इतनाल ने कहा कि बच्चों को मिड डे मील पकाने और परोसने से पहले तुअर दाल साफ़ करना उनकी ज़िम्मेदारी थी. दाल और चावल सात अक्तूबर को स्कूल में लाया गया था.
सुरेश बी इतनाल ने कहा कि संभव है कि दाल में कीड़े हों, लेकिन दाल साफ़ करना उनकी ही ज़िम्मेदारी थी.
उन्होंने कहा, "आज मैं स्कूल गया और बच्चों के साथ दोपहर का खाना खाया. खाना अच्छी तरह बना था. बच्चे खुश थे."
डिप्टी कमिश्नर ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच करने और यह पता लगाने को कहा है कि फ़र्ज़ी वीडियो किसने बनाया और फैलाया. (bbc.com/hindi)


