ताजा खबर

अगले 5 साल में बस्तर देश का सबसे विकसित संभाग होगा-शाह
13-Dec-2025 4:11 PM
अगले 5 साल में बस्तर देश का सबसे विकसित संभाग होगा-शाह

एक बार फिर नक्सलियों से हथियार डालने की अपील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 13 दिसंबर। बस्तर ओलंपिक के समापन मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को एक बार फिर नक्सलियों से सरेंडर करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से किसी का भला नहीं होने वाला है। शाह ने जोर देकर कहा कि अगले पांच साल में बस्तर देश का सबसे विकसित संभाग बनेगा।

श्री शाह ने स्थानीय इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम में खिलाडिय़ों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के सात जिले कांकेर, कोंडागांव, बस्तर, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर वर्ष-2030 तक देश के सबसे विकसित जिले बनेंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि बस्तर में हर व्यक्ति को घर, स्वच्छ पेयजल, 5 किलो अनाज, और 5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि बस्तर को सबसे विकसित संभाग बनाने का निर्णय लिया गया है।

 

शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने कंधे से कंधा मिलाकर विकसित बनाने का निर्णय लिया है। हर गांव सीसी रोड से जुड़ेंगे, बिजली के अलावा 5 किलोमीटर के दायरे में बैंकिंग सुविधाएं, और वनोपज आधारित सहकारी समितियों के जरिए यूनिट लगाई जाएगी। यह इलाका सबसे ज्यादा दुग्ध उत्पादन का केंद्र बनेगा।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि जिन्होंने आत्मसमर्पण किया है, उन सभी के लिए पुनर्वास योजना लेकर आए हैं। विकास की नई शुरूआत हो रही है। उन्होंने कहा कि वो खुद भी विकसित बस्तर बनाने के लिए परिश्रम करेंगे। श्री शाह ने कहा कि 31 मार्च 2026 तक देश नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा। अभी भी गुमराह होकर हथियार लेकर बैठे हैं, उनसे अपील है कि वो विकसित बस्तर की कल्पना से जुड़ जाए। नक्सलवाद से किसी का भला नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि बस्तर की संस्कृति सबसे समृद्ध संस्कृति है। शाह ने कहा कि बस्तर ओलंपिक में इस साल 4 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्पोट्र्स ऑफ अथॉरिटी इंडिया के अफसर आएंगे, और उनमें से चिन्हित खिलाडिय़ों को कॉमनवेल्थ और ओलंपिक के लिए तैयार करेंगे।

कार्यक्रम में सीएम विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरूण साव, और विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित अन्य अफसर मौजूद थे।


अन्य पोस्ट