ताजा खबर

रेलवे की लापरवाही से मजदूर झुलसा, उपचार के दौरान मौत
30-Nov-2025 12:20 PM
रेलवे की लापरवाही से मजदूर झुलसा, उपचार के दौरान मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 30 नवंबर। कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर 24 नवंबर को दर्दनाक हादसा हो गया था। दुर्घटना राहत वैन पर पेंट का काम कर रहे दो मजदूर ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) की अचानक चालू हुई बिजली लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। इनमें से एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है।

रेलवे के सी एंड डब्ल्यू (कैरेज एंड वैगन) विभाग की ओर से राहत वैन को पेंट कराने का कार्य पिछले एक सप्ताह से चल रहा था। यह काम एक लोकल पेटी ठेकेदार को सौंपा गया था, जिसने स्टेशन के पास बस्ती में रहने वाले युवकों को यह जिम्मेदारी दी थी।

बताया गया कि इस तरह के काम के दौरान संबंधित लाइन में बिजली का प्रवाह बंद रखा जाता है, लेकिन हादसे वाले दिन विद्युत लाइन अचानक सक्रिय कर दी गई, जिससे दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए। काम कर रहे युवकों में श्याम चौहान (25) और उसका साथी प्रेमदास शामिल थे। अचानक बिजली आने से दोनों बुरी तरह झुलस गए। श्याम की हालत बेहद गंभीर थी। दोनों को पहले जिला अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया। श्याम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बाद में भिलाई के निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद रेलवे की बड़ी लापरवाही भी सामने आई। बताया गया कि रेलवे अस्पताल में नई एम्बुलेंस होने के बावजूद झुलसे मजदूर को एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं करवाई गई। इसके बाद आरपीएफ कर्मचारियों ने विभागीय वाहन से घायल श्याम को अस्पताल पहुँचाया।

श्याम चौहान रेलवे स्टेशन के सामने की कॉलोनी का निवासी था। उसकी मां रतनबाई पति की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति पर रेलवे में कार्यरत हैं। चार भाइयों में श्याम दूसरे नंबर पर था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राहत वैन पर काम करते समय सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। अब हादसे को लेकर विभागीय जांच शुरू होने की उम्मीद है ताकि पता चल सके कि लाइन चालू किसने की और निगरानी में चूक कहां हुई।

 


अन्य पोस्ट