ताजा खबर
दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाज़ फाफ डु प्लेसी ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) नीलामी में अपना नाम नहीं भेजने का फ़ैसला किया है.
उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वे 14 साल में पहली बार आईपीएल नहीं खेलेंगे. इसके बजाय वह पाकिस्तान सुपर लीग यानी पीएसएल के 2026 के सीज़न में एक नए सफ़र की शुरुआत करेंगे.
डु प्लेसी ने 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से आईपीएल डेब्यू किया था और अपने पहले ही सीज़न में 398 रन बनाए थे.
अपनी पोस्ट में डु प्लेसी ने लिखा, "14 सीज़न के बाद मैंने इस साल नीलामी में हिस्सा नहीं लेने का फ़ैसला किया है. यह बड़ा निर्णय है, और आभार से भरा हुआ है. यह लीग मेरी क्रिकेट यात्रा का अहम हिस्सा रही है. मुझे विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का, शानदार फ्रेंचाइज़ी के लिए खेलने का, और अविश्वसनीय जुनून वाले फ़ैंस के सामने खेलने का सौभाग्य मिला."
उन्होंने लिखा, "चौदह साल लंबा समय होता है और मुझे इस सफ़र पर गर्व है. भारत मेरे दिल में एक खास जगह रखता है, और यह अलविदा नहीं है - आप मुझे फिर देखेंगे."
उन्होंने पुष्टि की है कि वह पीएसएल के अगले सीज़न में हिस्सा लेंगे. उन्होंने लिखा, "इस साल मैंने एक नई चुनौती चुनने का फै़सला किया है और मैं आने वाले पीएसएल सीज़न में खेलूंगा." (bbc.com/hindi)


