ताजा खबर
हैदराबाद, 11 नवंबर। ‘जुबली हिल्स’ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गया।
इस उपचुनाव में 4.01 लाख से अधिक मतदाता मतदान करने के लिए पात्र है। ये 58 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे।
इस सीट के लिए सत्तारूढ़ कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
अधिकारियों के अनुसार, कुल 407 मतदान केंद्रों में से 226 केंद्रों को ‘‘संवेदनशील’’ के रूप में चिह्नित किया गया है।
मतदान के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों के अलावा लगभग 1,800 पुलिस बल तैनात किए गए हैं और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की गई है।
इस वर्ष जून में बीआरएस विधायक मगंती गोपीनाथ के निधन के कारण यह उपचुनाव आवश्यक हो गया है।
भाजपा ने इस सीट से एल. दीपक रेड्डी को मैदान में उतारा है जबकि गोपीनाथ की पत्नी सुनीता बीआरएस की उम्मीदवार हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस के उम्मीदवार नवीन यादव हैं, जिन्हें असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) का समर्थन प्राप्त है। (भाषा)


