ताजा खबर
हैदराबाद, 31 अक्टूबर। तेलंगाना के विभिन्न हिस्सों में चक्रवात ‘मोंथा’ के प्रभाव से भारी बारिश के कारण 29 अक्टूबर को वर्षाजनित अलग-अलग घटनाओं में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस और जिला अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जनकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सिद्दीपेट जिले में दोपहिया वाहन पर सवार होकर उफनती नदी को पार करने की कोशिश कर रहे दंपति बह गए और शुक्रवार को उनके शव बरामद कर लिए गए।
जिले के एक अधिकारी ने बताया कि एक अन्य घटना जनगांव जिले में हुई जहां बाढ़ के पानी में बह जाने से एक महिला की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा सूर्यपेट ज़िले में एक पेड़ उखड़कर सड़क किनारे गिर गया और साइकिल सवार एक व्यक्ति के उसके नीचे दब जाने से उसकी मौत हो गई। महबूबाबाद ज़िले में दीवार ढह गई जिसकी चपेट में आने से एक बुज़ुर्ग महिला की मौत हो गई। वारंगल में बाढ़ का पानी घर में घुस जाने से बिस्तर पर पड़े एक बीमार बुजुर्ग की मौत हो गई।
यहां बाढ़ के पानी में बहकर लोगों के लापता होने समेत कुछ अन्य घटनाएं भी सामने आईं।
वारंगल, हनामाकोंडा, महबूबाबाद, करीमनगर, खम्मम, भद्राद्री कोठागुडेम, नलगोंडा और सिद्दीपेट जिलों में 29 अक्टूबर को हुई भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया और निचले इलाके जलमग्न हो गए। (भाषा)


