ताजा खबर
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल के अदालत से बरी होने पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सबूतों से छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं.
सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया से कहा, "यह निचली अदालत का फ़ैसला है. सब जानते हैं कि जब यह मामला उठा था तब उन्होंने (अरविंद केजरीवाल) कैसे सबूतों के साथ छेड़छाड़ की. कई सारे मोबाइल ख़त्म करने की कोशिश की, उसका डेटा उड़ा दिया. आज वह घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं, ख़ुद को कट्टर ईमानदार बता रहे हैं."
उन्होंने कहा, "मैं उनसे कुछ सवाल करना चाहती हूं. यदि वे सही थे तो जांच शुरू होते ही उन्होंने इस शराब नीति को वापस क्यों लिया? शराब की एक बोतल के साथ एक और बोतल फ़्री देना सही था क्या? क्या आपने शीशमहल बनवाकर दिल्ली की जनता से बेईमानी नहीं की?"
रेखा गुप्ता ने कहा, "उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय ने समय-समय पर इस पर टिप्पणी कर चिंता ज़ाहिर की. मनी लॉन्ड्रिंग के साक्ष्य भी पाए गए. आपकी योजनाओं से हर दिन घोटाले सामने आते हैं. दिल्ली की जनता ने आपको वोट देकर न्याय किया. मुझे पूरा भरोसा है कि अदालत भी न्याय देगी."
गौरतलब है कि दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में अरविंद केजरीवाल को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया है.
हालांकि सीबीआई ने निचली अदालत के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए इसे रद्द करने की मांग की है. (bbc.com/hindi)


