ताजा खबर

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने तेलंगाना में मंत्री पद की शपथ ली
31-Oct-2025 8:58 PM
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने तेलंगाना में मंत्री पद की शपथ ली

हैदराबाद, 31 अक्टूबर। कांग्रेस नेता एवं पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शुक्रवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ली।

राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मुख्यमंत्री सहित कई महत्वपूर्ण नेताओं की उपस्थिति में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान को शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद, पत्रकारों से बातचीत में अजहरुद्दीन ने उन्हें मंत्री बनाए जाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और के सी वेणुगोपाल का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है। मैं आलाकमान का, अपने समर्थकों का, शुक्रिया अदा करता हूं।’’

अजहरुद्दीन के शामिल होने से मंत्रिमंडल में कुल सदस्यों की संख्या 16 हो गई है, जबकि दो और जगह खाली हैं। विधानसभा सदस्यों की संख्या के अनुसार, तेलंगाना में अधिकतम 18 मंत्री हो सकते हैं।

पूर्व क्रिकेटर को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना एक अहम कदम माना जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी जुबली हिल्स उपचुनाव में पूरी ताकत से लड़ रही है, जहां एक लाख से अधिक मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

इस साल जून में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक मगंती गोपीनाथ के निधन के कारण उपचुनाव जरूरी हो गया है।

तेलंगाना सरकार ने अगस्त में राज्यपाल कोटे से अजहरुद्दीन को विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) नामित किया था। हालांकि, राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने अभी तक इसे मंजूरी नहीं दी है।

अजहरुद्दीन ने 2023 के विधानसभा चुनाव में जुबली हिल्स क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया था कि कांग्रेस की तेलंगाना इकाई ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से अनुरोध किया कि अजहरुद्दीन को मंत्री बनाया जाए, क्योंकि इस समय राज्य मंत्रिमंडल में अल्पसंख्यकों का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है।

सूत्रों ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने अजहरुद्दीन के नाम को मंजूरी दे दी है।

मंत्रिमंडल में शामिल होने के साथ, पूर्व क्रिकेटर राज्य मंत्रिमंडल में अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले पहले मंत्री बन गए हैं।

कांग्रेस के एक अन्य नेता ने कहा कि बिहार में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए एआईसीसी ने संभवतः अजहरुद्दीन को मंत्रिमंडल में शामिल करने की इच्छा इसलिए दिखाई है क्योंकि वहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या काफी अधिक है।

भाजपा के इस आरोप पर कि उन्हें जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले मंत्री बनाया गया, अजहरुद्दीन ने कहा कि चुनाव और मंत्री बनाना दो अलग-अलग बातें हैं। उन्होंने कहा कि यह (उन्हें मंत्री बनाना) सरकार का विशेषाधिकार है।

जब उनसे पूछा गया कि उन्हें कौन सा विभाग मिलेगा, तो अजहरुद्दीन ने कहा कि उन्हें जो भी विभाग दिया जाएगा, वह ईमानदारी से उस पर काम करेंगे और वंचितों के उत्थान के लिए काम करेंगे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी की यह टिप्पणी कि अजहरुद्दीन के खिलाफ दर्ज मामलों से देश की बदनामी हुई है, इस पर पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि उन्हें देशभक्ति पर किसी से प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है।

अजहरुद्दीन ने कहा, ‘‘किशन रेड्डी के पास ज्ञान नहीं है। वह कुछ भी बोल सकते हैं। मेरे लिए यह ज्यादा मायने नहीं रखता। मैं जानता हूं कि मैं कौन हूं और मैं देशभक्ति में कितना सच्चा हूं। मैं जानता हूं कि मैंने देश के लिए क्या किया है और मुझे किसी के ‘सर्टिफिकेट’ की जरूरत नहीं है।’’ (भाषा)


अन्य पोस्ट