ताजा खबर

गणेश विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को बोलेरो ने रौंदा, 3 मौतें, 2 दर्जन से अधिक घायल
03-Sep-2025 5:36 PM
गणेश विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को बोलेरो ने रौंदा, 3 मौतें, 2 दर्जन से अधिक घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर/बगीचा,  3 सितंबर। गणेश विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया। बगीचा थाना क्षेत्र के जुरूडांड गांव में मंगलवार रात करीब 11 बजे हुए इस हादसे में 2 पुरुष और 1 महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे में अरविंद केरकेट्टा (19 वर्ष), विपिन कुमार प्रजापति (17 वर्ष) और खिरोवती यादव (32 वर्ष) की मौत हुई है, वहीं घायलों में फकीर यादव, नीलू यादव, निरंजन राम, संदीप यादव, नारायण, देवंती, गुलापी बाई, याहूसु लकड़ा, संतोष प्रजापति, हेमंत यादव, उमा यादव, भुवनेश्वरी यादव, चंदा बाई, पिंकी, लीलावती प्रजापति, डमरूधर यादव, गायत्री यादव, आरती यादव, परमानंद यादव, अभिमन्यु, हेमानंद और सुखसागर समेत कई लोग शामिल हैं।

 

घायलों से मिलने पहुंचे विधायक, कलेक्टर और एसपी

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रात्रि करीब 12:30 बजे विधायक  रायमुनी भगत, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और बेहतर उपचार हेतु डॉक्टरों को निर्देशित किया। इस हादसे में घायल हुए 22 लोगों को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। इनमें से 15 का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में तथा 7 का इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा है। शेष 8 घायलों का इलाज बगीचा सीएचसी में चल रहा है। घायलों में 2 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

इस दुखद दुर्घटना में मृत हुए तीन लोगों के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन द्वारा सभी घायलों को हर संभव चिकित्सीय एवं आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर कहा कि जशपुर के जुरुडांड, बगीचा में गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मृत्यु व कई अन्य के घायल होने की खबर अत्यंत दु:खद है। घायलों की समुचित चिकित्सा एवं आवश्यक मदद के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।

इस दु:खद घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के परिजनों एवं घायलों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए एवं घायलों को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

ईश्वर से दिवंगतों के आत्मा की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।


अन्य पोस्ट