ताजा खबर

महासमुंद जिपं अध्यक्ष बनीं मोंगरा पटेल
06-Mar-2025 2:05 PM
महासमुंद जिपं अध्यक्ष बनीं मोंगरा पटेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 6 मार्च।
आज दोपहर जिला पंचायत सभाकक्ष में 10 मत पाकर मोंगरा किशन पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। विपक्ष की उम्मीदवार श्रृष्टि अमर चंद्राकर को पांच मत मिले। महासमुंद जिले में कुल पंद्रह जिला पंचायत सदस्य हैं, जिसमें भाजपा के दस तथा कांग्रेस समर्थित चार सदस्य शामिल हैं।

मालूम हो कि भाजपा की बहुमत वाली जिला पंचायत महासमुंद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव आज 6 मार्च गुरुवार को जिला पंचायत सभा कक्ष में सुबह 11 बजे शुरू हुआ। जिला पंचायत की 15 सीटों में से 10 भाजपा तथा 4 कांग्रेस और 1 किसी भी दल से सम्बद्ध नहीं,शामिल हैं। यहां बहुमत होने के कारण एक बार फिर भाजपा का जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा था। कल शाम को ही जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया था। तद अनुसार आज सुबह 11 बजे से चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले अध्यक्ष के लिए मतदान हुआ। आज ही उपाध्यक्ष के लिए मतदान है।   

जिले के कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अपर कलेक्टर रविराज ठाकुर को पीठासीन अधिकारी तथा डिप्टी कलेक्टर सृष्टि चंद्राकर को सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है। दोनों राजनीतिक दलों ने भी तैयारी पूरी कर रखी है। सांसद रूपकुमारी चौधरी, भाजपा पर्यवेक्षक जगन्नाथ पाणिग्रही तथा जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू के साथ तमाम बड़े नेता इस दौरान मौजूद हैं। 

चुनाव से पहले भाजपा के सभी जिला पंचायत सदस्यों को एक स्थान पर एकत्र करके रखा गया था। वहां से आज दोपर एक बजे तक सभी को जिला भाजपा कार्यालय लाया गया और इसके बाद सभी को चुनाव स्थल जिला पंचायत सभाकक्ष में पहुंचाया गया।   इसी तरह कांग्रेस जिला पंचायत सदस्य भी 11 बजे के आसपास सभा कक्ष में पहुंचे। 

भाजपा के पास अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत के लिए बड़ा संख्या बल था। निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 5 से जीतकर आए भाजपा के रवि फरौदिया, क्षेत्र क्रमांक.10 से जीतकर आई सीमा नायक और क्षेत्र क्रमांक.15 से जीतकर आई मोंगरा किशन पटेल को अध्यक्ष पद का बड़ा दावेदार माना जा रहा था। 

हाल ही में सम्पन्न हुए नगरीय चुनाव में तीनों नगर पालिका और तीनों नगर पंचायतों में अध्यक्ष और चारों जनपदों में भी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर साहू समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। इस वजह से रवि फरौदिया साहू को बड़ा दावेदार माना जा रहा था।

कांग्रेस के पास संख्या बल मात्र 3 होने के बावजूद वह मैदान नहीं छोड़ रही थीं। अत: कांग्रेस ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर अपना प्रत्याशी मैदान में उतारा  है। अध्यक्ष पद के लिए प्रदेश में सर्वाधिक मतों से निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक.2 से जीतकर आई सृष्टि अमर चंद्राकर विपक्ष की दावेदार थीं।
 


अन्य पोस्ट