ताजा खबर

तेलंगाना ने एक बार फिर बिजली मांगी, छत्तीसगढ़ ने मांगा बकाया 36 सौ करोड़
14-Sep-2022 4:52 PM
तेलंगाना ने एक बार फिर बिजली मांगी, छत्तीसगढ़ ने मांगा बकाया 36 सौ करोड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 सितंबर। 
तेलंगाना सरकार ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ से बिजली देने की गुहार लगाई है। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनी तीन साल तक 12 सौ मेगावाट बिजली उपलब्ध कराती रही है, लेकिन तेलंगाना सरकार ने करीब 36 सौ करोड़ रुपये का बकाया नहीं दिया है। पॉवर कंपनी ने बिजली आपूर्ति से पहले बकाया राशि देने के लिए कहा है।

बताया गया कि तेलंगाना बिजली की किल्लत से जूझ रही है। तेलंगाना सरकार ने एक बार फिर बिजली की कमी की पूर्ति के लिए छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनी से संपर्क किया है। छत्तीसगढ़ सरकार का तेलंगाना के साथ एग्रीमेंट था, जिसमें 12 सौ मेगावाट तक बिजली दी जाती रही है। लेकिन तेलंगाना ने बिल का भुगतान नहीं किया।

तेलंगाना सरकार पर करीब 36 सौ करोड़ रुपये का बिल बकाया है। मगर इसका भुगतान नहीं हो रहा था। इसके कारण बिजली देना बंद कर दिया। छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनी के अधिकारियों ने तेलंगाना सरकार को बता दिया है कि जब तक बकाया बिल का भुगतान नहीं होता, बिजली नहीं दी जाएगी। यह पता चला है कि तेलंगाना ने 40 किस्तों में 16 सौ करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव दिया है। जिस पर अभी सहमति नहीं बन पाई है।


अन्य पोस्ट