ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 सितंबर। पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तर्रा में घटित मोबाईल दुकान में नकबजनी के मामले का खुलासा आज एसपी दुर्ग ने पत्रकार वार्ता में किया है। आरोपियों ने साईड से शटर को उखाड़ कर घटना को अंजाम दिया था लेकिन मोबाईल दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कैद हो गए थे। सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपियों की पहचान हुई और उनके कब्जे से 17 मोबाईल, 5 स्पीकर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित घटना में प्रयुक्त 2 मोटर जब्त कर ली गई है।
गौरतलब हो कि इस घटना को अंजाम देने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। एन्टी क्राईम-सायबर यूनिट दुर्ग एवं थाना पाटन की संयुक्त कार्यवाही से यह सफलता पुलिस विभाग को मिली है। 13 अगस्त की सुबह पीडि़त दुकानदार ने थाना आकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवायी थी। दुकानदार त्रिभुवन लाल साहू निवासी ग्राम तर्रा ने पुलिस को बताया कि चंद्राकर कॉम्पलेक्स ग्राम तर्रा में स्थित अपनी मोबाईल दुकान को बंद कर 12 अगस्त की रात में वह घर चला गया था, सुबह देखा तो उसकी दुकान के शटर को साईड से तोडक़र अंदर प्रवेश कर इलेक्ट्रॉनिक सामान चोर ले गए हैं। धारा 457,380 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही थी। घटना को अत्यंत ही गंभीरता से लेते हुये एसपी डॉ. अभिषेक द्वारा संयुक्त टीम गठित कर कार्यवाही हेतु लगाया गया। टीम द्वारा संदेहियों पर निगाह रखी जा रही थी, आदतन अपराधियों व जेल से रिहा हुए।अपराधियों से पूछताछ कर पतासाजी के प्रयास किये जा रहे थे। इसके लिए विशेष सूत्र भी लगाये गये एवं दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा का अवलोकन किया गया। अवलोकन के दौरान 2 सदहियों के फुटेज प्राप्त हुए जिनके आधार पर सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न व्हाट्सप ग्रुप में पतासाजी हेतु फुटेज वायरल किए गए। सूत्रों के माध्यम से आरोपियों की पहचान रायपुर निवासी शेखर ठाकुर उर्फ सोनू एवं रिकास निहाल के रूप में सुनिश्चित हुई। टीम द्वारा आरोपियों की उपस्थिति के आधार पर आमापारा रायपुर में घेराबंदी कर उक्त दोनों आरोपियों के साथ मिलकर चारों आरोपियों तक पहुंच तथ्यात्मक पूछताछ की गयी। प्रारंभिक पूछताछ करने पर आरोपी गुमराह करते रहे किंतु कड़ाई बाद टूट कर घटना कारित करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने बताया कि वह घटना दिनांक को लोहरसी राहुल ठाकुर के घर पर आए, उसी दौरान राहुल ने बताया कि लोहरसी बाजार में श्री राम मोबाईल की दुकान है जिसके बाद चारों आरोपीयों द्वारा श्रीराम मोबाईल दुकान में चोरी की योजना बनाकर घर से सब्बल राड लेकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। चोरी कर सभी ने सामान आपस में बाँट कर रख था जो जब्त हो गया है। अग्रिम कार्यवाही थाना पाटन से की जा रही है। इस मामले में आरोपी राहुल ठाकुर (20 वर्ष) निवासी ग्राम लोहरसी पाटन, शेखर ठाकुर उर्फ सोनू (20 वर्ष) निवासी आमापारा अग्रसेन चौक रायपुर, रिकास हियाल (18 वर्ष) निवासी आमापारा अग्रसेन चौक रायपुर, योगेश निर्मलकर (24 वर्ष) निवासी ग्राम लोहरसी पाटन हैं।


