ताजा खबर
गोवा, 14 सितंबर। गोवा में कांग्रेस के 11 में से आठ विधायक बीजेपी में शामिल हो गए हैं. इससे पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सदानंद शेट तनावडे ने कहा था कि कांग्रेस के आठ विधायक सत्तारूढ़ दल में शामिल होने जा रहे हैं.
गोवा कांग्रेस विधायक दल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में विलय का एक प्रस्ताव पारित किया.
इन विधायकों में दिगंबर कामत भी शामिल हैं जो राज्य के मुख्यमंत्री भी रहे हैं.
गोवा विधानसभा में 40 सदस्य हैं. आज के विलय से पहले कांग्रेस के गोवा में 11 विधायक थे और भाजपा के पास 20.
बीजेपी में शामिल होने का प्रस्ताव पास करने के बाद आठों विधायक राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मिले.
इस मुलाक़ात की एक तस्वीर सामने आई है जिसमें विधायक माइकल लोबो, दिगम्बर कामत, डेलाइला लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नाइक, संकल्प आमोनकर, एलेक्सियो सिक्वेरा और रूडोल्स फर्नांडिस मुख्यमंत्री के साथ बातचीत करते दिख रहे हैं.
इसी तरह जुलाई, 2019 में कांग्रेस के 10 विधायक पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गए थे.
इस पर आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जब आप कांग्रेस के लिए वोट करते हैं तो आप भविष्य के एक बीजेपी विधायक को चुनते हैं.
गोवा में कांग्रेस विधायकों ने ऐसे समय पाला बदला है जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कर रहे हैं.
यह यात्रा कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई और देश के 12 राज्यों और दो केंद्र-शासित प्रदेशों से गुज़र कर 3,570 किलोमीटर का सफर तय कर जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में समाप्त होगी. (bbc.com/hindi)


