ताजा खबर
कहा, भाजपा की सरकार समस्या पैदा कर सकती है, उसका समाधान नहीं
'छत्तीसगढ़' न्यूज डेस्क
गाजीपुर, 2 मार्च। उत्तरप्रदेश के गाजीपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीएम मोदी और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से बीते पाँच चरणों में जनता ने अपने मुद्दों पर वोट किया है। आगामी चरणों में भी जनता जाति- धर्म से ऊपर उठकर वोट करेगी। कहा कि कांग्रेस जुमलेबाजों की पार्टी नहीं है, जो कहती है, उसे पूरा करती है।
बघेल ने कहा कि पाँच चरणों में ये तय हो गया है कि उत्तराखंड में भाजपा की सरकार दोबारा नहीं आएगी। पंजाब में भाजपा कभी थी ही नहीं, वहीं उत्तरप्रदेश में भाजपा ने धर्म और जाति के आधार पर चुनाव की कोशिश की लेकिन जनता ने अपने मुद्दों पर वोट किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी, महंगाई बेलगाम है, किसानों को फसलों का सही दाम नहीं मिल रहा है। सवाल किसानों, युवाओं और गृहणियों का है, लेकिन बुलडोजर नाथ को बुलडोजर चलाने से फुर्सत नहीं है। दूसरी पार्टियां धर्म और जाति के आधार पर वोट मांग रही हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी आम जनता के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मुख्य मुद्दा है किसानों को दाम मिले, बेरोजगारों को काम मिले और महिलाओं को सम्मान मिले।
बघेल ने कहा प्रधानमंत्री जी ने 2022 में किसानों की आय दुगुनी करने की बात की थी, लेकिन आय आधी हो गयी। कालाधन वापसी की बात की थी, कहाँ है कालधन पता नहीं। 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने वाले थे, लॉकडाउन में जिनके पास नौकरी थी वो भी छूट गयी। भाजपा की सरकार केवल समस्या पैदा कर सकती है, समस्या का समाधान नहीं। उन्होंने कहा महंगाई को रोकना है, नौजवानों को रोजगार चाहिए, किसानों को दाम चाहिए तो भाजपा को हराना होगा।


