ताजा खबर

तेन्दूपत्ता की वसूली से मिले रकम लेने जुटे 13 हथियारबंद नक्सली गढ़चिरौली में ढेर
21-May-2021 3:18 PM
तेन्दूपत्ता की वसूली से मिले रकम लेने जुटे 13 हथियारबंद नक्सली गढ़चिरौली में ढेर

   मारे गए नक्सलियों में 6 पुरूष और 7 महिला   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 मई।
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के मध्य भाग में स्थित कोटमी क्षेत्र के पैडी जंगल में शुक्रवार तडक़े  पुलिस-नक्सल मुठभेड़ में 13 हथियार लैस नक्सली पुलिस की गोली का शिकार बन गए। मारे गए नक्सलियों की शिनाख्ती नहीं हुई है। पुलिस के हाथों ढेर हुए नक्सलियों में 6 पुरूष और 7 महिला नक्सली शामिल हैं। पुलिस ने मारे गए नक्सलियों के पास से एक एके-47, एसएलआर, 12 कार्बाइन समेत घातक विस्फोटक भी घटनास्थल से बरामद किया है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह 5.30 बजे के आसपास पैडी के जंगल में तेन्दूपत्ता की वसूली से मिले रकम को लेने के लिए 60-70 नक्सली इकट्ठा हुए थे। पुलिस को इस बात की भनक लग चुकी थी। एक विशेष गश्त अभियान करते हुए जैसे ही गढ़चिरौली पुलिस की नक्सल ऑपरेशन टीम सी-60 मौके पर पहुंची, नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों की ओर से हुई पहली फायरिंग दरअसल एक साजिश थी। हिंसक हमला के जरिये नक्सली जवानों के हथियार और हत्या करने के इरादे में थे।

बताया जा रहा है कि मुठभेड़ शुरू होते ही दोनों ओर से जोरदार फायरिंग हुई। नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने के लिए पुलिस की ओर से कई बार चेतावनी भी दी गई। बताया जा रहा है कि करीब 2 घंटे की फायरिंग के बाद जब जवानों ने घटनास्थल का मुआयना किया, तब 13 नक्सलियों के शव पुलिस के हाथ लगे। 

गढ़चिरौली डीआईजी संदीप पाटिल ने  ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि 13 नक्सलियों के शव जब्त करने के बाद उनकी पहचान संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों ने इरादतन फोर्स पर हमला किया। जवाबी कार्रवाई में नक्सली मारे गए। उधर महाराष्ट्र सरकार के गृहमंत्री दिलीप पाटिल ने गढ़चिरौली पहुंचकर पुलिस को मिली सफलता पर जवानों का हौसला अफजाई किया। बताया जा रहा है कि नक्सलियों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है। यहां यह बता दें कि गुजरे 7 महीनों में पुलिस नक्सल ऑपरेशन के दौरान 27 नक्सली मारे गए हैं। 


अन्य पोस्ट