कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 21 फरवरी। पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास, कुंडा गांव में 20 फरवरी को कक्षा सज्जा प्रतियोगिता, पालक-बालक सम्मेलन एवं न्यूनतम भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद कोंडागांव के अध्यक्ष नरपति पटेल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, बोली और परंपराओं को संरक्षित रखने तथा समाज से जुड़े रहने की बात कही। साथ ही विकसित भारत 2047 के विभिन्न पहलुओं पर भी जानकारी साझा की।
पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास कोंडागांव की निगरानी समिति के अध्यक्ष डॉ. किरण रोटी ने शिक्षा, खेल, छात्रावास जीवन, बस्तर की संस्कृति, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों के महत्व पर प्रकाश डाला। निगरानी समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती नंदकी वैष्णव ने विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित किया।
सामान्य सहायक के निर्देशन, मंडल संयोजक रोशन बाबू सहारे तथा छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती मधुबाला सील के मार्गदर्शन में कक्षा सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का अवलोकन जनप्रतिनिधियों, निगरानी समिति के सदस्यों एवं अन्य छात्रावासों की अधीक्षिकाओं ने किया।
प्रतियोगिता में कक्ष क्रमांक 17 (महारानी तपस्विनी कक्षा) को प्रथम, कक्ष क्रमांक 19 (विजय लक्ष्मी कक्षा) को द्वितीय तथा कक्ष क्रमांक 12 (राधाबाई कक्षा) को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
सत्र 2024-25 में शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए तनुजा मरकाम, रामशिला नेताम, बिहारी मरकाम, दसई मरकाम और मोती मांडवी को सम्मानित किया गया, जिन्होंने बस्तर विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार नगर सैनिक चयन में लक्ष्मी नेताम, रामशिला नेताम और अमरावती मरकाम को सम्मानित किया गया।
खेल उपलब्धियों के अंतर्गत पुष्पा मरकाम (एनसीसी कैंप ग्वालियर), मोना दुख (बास्केटबॉल गोरखपुर), सामंती नेम (दौड़ बिलासपुर) तथा सुशील नेम (तीरंदाजी, जमशेदपुर—रजत पदक; उत्तराखंड—कांस्य पदक; बस्तर ओलंपिक—प्रथम स्थान) को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया तथा न्यूनतम भोज के साथ समापन किया गया। आयोजन में सहायक आयुक्त कार्यालय के कर्मचारी, छात्रावास प्रबंधन समिति के सदस्य, विभिन्न छात्रावासों की अधीक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।


