खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

अफीम कांड पर सिंहदेव ने भाजपा पर साधा निशाना
14-Mar-2026 4:51 PM
अफीम कांड पर सिंहदेव ने भाजपा पर साधा निशाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 14 मार्च। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह के आमंत्रण पर खैरागढ़ पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में 40 से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

पत्रकारों से बातचीत में टी.एस. सिंहदेव ने प्रदेश में सामने आए अफीम की खेती के मामलों को लेकर राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दुर्ग और बलरामपुर क्षेत्रों में अफीम की खेती की खबरें सामने आई हैं, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रश्न खड़े करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मामलों में स्थानीय स्तर पर जानकारी दिए जाने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आई है।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के कई मंत्रियों की हार के संबंध में पूछे गए सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि कुछ क्षेत्रों में पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा, जिसका असर परिणामों पर पड़ा। उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर समीक्षा की जा रही है और आगे की रणनीति पर काम किया जाएगा। खैरागढ़ पहुंचने पर उनका जालबांध में स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने पांडुका में वरिष्ठ कांग्रेसी भागचंद पारख के निवास पहुंचकर उनके पुत्र के निधन पर शोक व्यक्त किया।

दौरे के दौरान उन्होंने शहर के शीतला मंदिर, दंतेश्वरी मंदिर और रुख्ड स्वामी मंदिर में भी दर्शन किए।

रश्मि देवी नगर स्थित शताक्षी सिंह के निवास पर जिले के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान खैरागढ़ के अलावा छुईखदान, गंडई, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और मोहला-मानपुर क्षेत्र से भी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट