जशपुर

ईसाई समुदाय ने मनाया स्मरण दिवस, दिवंगत परिजनों को दी श्रद्धांजलि
02-Nov-2026 7:42 PM
ईसाई समुदाय ने मनाया स्मरण दिवस, दिवंगत परिजनों को दी श्रद्धांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 2 नवंबर। ईसाई समुदाय ने सोमवार को श्रद्धा और आस्था के साथ ‘सभी दिवंगत विश्वासियों का स्मरण दिवस’ मनाया। इसे स्थानीय स्तर पर ‘कब्र पर्व’ के नाम से भी जाना जाता है। इस अवसर पर जिले के विभिन्न कब्रिस्तानों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने अपने दिवंगत माता-पिता, परिजनों और पूर्वजों को याद करते हुए उनकी आत्मिक शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

सुबह से ही कब्रिस्तान में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पुरोहितों ने विशेष प्रार्थनाएं कर दिवंगत विश्वासियों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर लोगों ने अपने प्रियजनों के साथ बिताए पलों को याद किया और उनके प्रति अपनी आस्था व सम्मान प्रकट किया।

फूलों से सजाईं कब्रें, मोमबत्तियां

जलाकर दीं श्रद्धांजलि

कब्र पर्व को लेकर जिले के विभिन्न कब्रिस्तानों में विशेष तैयारियां की गईं। लोगों ने पर्व से पहले कब्रिस्तानों की साफ-सफाई और कब्रों की पुताई की। सोमवार को श्रद्धालुओं ने अपने दिवंगत परिजनों की कब्रों को गेंदे, गुलाब और अन्य फूलों से सजाया। कब्रों के पास मोमबत्तियां जलाकर और धूपबत्ती अर्पित कर दिवंगत परिजनों को श्रद्धांजलि दी गई।

परिवार के साथ पहुंचते हैं लोग

कब्र पर्व धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक जुड़ाव का भी अवसर है। इस दिन बाहर रहने वाले कई लोग अपने गृहग्राम पहुंचकर पूर्वजों और दिवंगत परिजनों को याद करते हैं। परिवार के सदस्य कब्रों के पास एकत्रित होकर प्रार्थना करते हैं और अपने प्रियजनों की स्मृतियों को साझा करते हैं। इस दौरान पवित्र जल का छिडक़ाव कर श्रद्धा व्यक्त करने की परंपरा भी निभाई जाती है।

मृत्यु के बाद अनंत जीवन की आस्था का संदेश

संत इग्नासियुस चर्च शांति भवन के फादर फुलजेंस एक्का ने संदेश देते हुए कहा कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि मृत्यु जीवन का अंत नहीं, बल्कि अनंत जीवन के लिए ईश्वर के पास जाने का मार्ग है। इस अवसर पर ईश्वर से प्रार्थना की जाती है कि वे सभी दिवंगत माता-पिता, भाई-बहनों और परिजनों को अपने स्वर्गीय राज्य में शांति और स्थान प्रदान करें।

कब्र पर्व के माध्यम से ईसाई समुदाय दिवंगत विश्वासियों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने के साथ ही प्रार्थना, स्मरण और पारिवारिक एकजुटता की परंपरा को भी आगे बढ़ाता है।


अन्य पोस्ट