जशपुर
रक्तदान शिविर में भी लोगों ने दिखाया उत्साह
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जशपुरनगर, 1 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सामाजिक सरोकार और जनसेवा की भावना का परिचय देते हुए 'भारत मेडिकल गम्हरिया' की ओर से क्षय रोग (टीबी) से पीडि़त मरीजों को फूड बास्केट का वितरण किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य टीबी रोगियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराना और उपचार के दौरान उनके स्वास्थ्य सुधार में सहयोग प्रदान करना है।
भारत रत्नम खूँटे द्वारा अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए इस मानवीय पहल को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उनके इन निरंतर प्रयासों से अब तक जिले के हजारों क्षय रोगियों को फूड बास्केट वितरित कर पोषण संबंधी सहायता पहुँचाई जा चुकी है। यह पहल जरूरतमंद मरीजों के लिए आर्थिक और स्वास्थ्य की दृष्टि से बड़ा संबल बन रही है।
स्थापना दिवस के इस अवसर पर एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 8 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद करने के लिए कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर एसडीओ ट्रैफिक के.आर. चौहान, मनोरा बीएमओ रौशन बरियार, डॉ. भूपेश कुमार भगत सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।