जशपुर

पत्नी पर प्राणघातक हमला, महीनों से फरार आरोपी पति बंदी
31-Oct-2026 7:12 PM
पत्नी पर प्राणघातक हमला, महीनों से फरार आरोपी पति बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 31 अक्टूबर। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झक्कड़पुर में मामूली बात पर अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के रिंग पाने से जानलेवा हमला करने वाले फरार आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया है तथा उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 3 अगस्त 2026 की रात की है। आरोपी करम साय तिर्की अपने कमरे में लोहे का रिंग पाना (गाड़ी के नट खोलने वाला औजार) खोज रहा था। जब उसकी पत्नी नबिना तिर्की ने पूछा कि वह क्या ढूंढ रहा है, तो आरोपी आगबबूला हो गया। उसने गुस्से में जान से मारने की धमकी देते हुए पत्नी के सिर पर रिंग पाने से ताबड़तोड़ तीन बार गंभीर वार कर दिए, जिससे महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। परिजनों ने घायल पीडि़ता को तुरंत पत्थलगांव के डिवाइन अस्पताल में भर्ती कराया था।

घटना के बाद से ही आरोपी करम साय तिर्की फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। 30 अक्टूबर ॉको पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गृह ग्राम झक्कड़पुर में आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत गांव में घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का रिंग पाना भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी करम साय तिर्की निवासी झक्कड़पुर, बंधन पारा, पत्थलगांव के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


अन्य पोस्ट