जशपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जशपुरनगर, 29 अक्टूबर। जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र में एक मूक-बधिर (बोलने-सुनने में असमर्थ) दिव्यांग महिला के साथ रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
थाना तुमला में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पीडि़ता के 34 वर्षीय भाई ने शिकायत दर्ज कराई कि 25 अक्टूबर की शाम करीब 6.30 बजे जब वह शौच के लिए जा रहा था, तब उसे झाडिय़ों की तरफ से चीखने की आवाज सुनाई दी। जब वह दौड़कर मौके पर पहुँचा, तो उसने देखा कि गाँव का ही रहने वाला चंद्रहास कुमार उसकी 37 वर्षीय मूक-बधिर बहन के साथ रेप कर रहा था। भाई को अपनी तरफ आते देख आरोपी डर गया और मौके पर ही अपने कपड़े, पर्स व मोबाइल फोन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए तुमला पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी चंद्रहास कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और 64(2)(द्ब) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने पीडि़ता का चिकित्सीय परीक्षण कराया और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर आरोपी चंद्रहास कुमार ( 20 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।