जशपुर

लोन दिलाने के नाम पर 2 लाख की ठगी, आरोपी भिलाई से बंदी, 2 की तलाश
28-Oct-2026 6:45 PM
लोन दिलाने के नाम पर 2 लाख की ठगी, आरोपी भिलाई से बंदी, 2 की तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 28 अक्टूबर। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में लोन दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने दुर्ग जिले के भिलाई से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि इस ठगी में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

प्रार्थी गजानंद चौहान (उनिवास शांतिनगर, तिलडेगा, थाना पत्थलगांव) ने थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2025 में उसे लोन की आवश्यकता थी। इसी दौरान भिलाई निवासी चंद्रमणि देवदास ने फोन कर खुद को ‘सोमी फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड’ का कर्मचारी बताया और कहा कि उसके पास प्रार्थी के लोन की फाइल आई है। आरोपी ने 10 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराने के नाम पर ‘सिक्योरिटी मनी’ (सुरक्षा निधि) के रूप में प्रार्थी से कुल 1,93,000 रुपये ऑनलाइन व अन्य माध्यमों से ठग लिए और रकम मिलने के बाद फरार हो गए।

बैंक खातों के जरिए भिलाई तक पहुँची पुलिस

प्रार्थी की शिकायत पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 163/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक खातों की डीटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की सुरागकशी शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पत्थलगांव पुलिस की एक विशेष टीम भिलाई भेजी गई, जहाँ से मुख्य आरोपी चंद्रमणि देवदास निवासी भिलाई-3, जिला दुर्ग को धर दबोचा गया।

घरेलू खर्च में उड़ाए ठगी के पैसे

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि ठगी की इस रकम को उसने अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों के जरिए निकालकर अपने घरेलू उपयोग में खर्च कर दिया है। पुलिस ने 26 अक्टूबर को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


अन्य पोस्ट