जशपुर

जमीन बंटवारे के विवाद में भतीजे की हत्या, आरोपी फूफा बंदी
26-Oct-2026 7:23 PM
जमीन बंटवारे के विवाद में भतीजे की हत्या, आरोपी फूफा बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 26 अक्टूबर। जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामबहार (चिटकाटोली) में जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर फूफा ने अपने ही भतीजे पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी फूफा को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।

प्रार्थिया एवं मृतक संतोष प्रधान की पत्नी सुमित्रा प्रधान ने थाना तपकरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 अक्टूबर की शाम उसका पति बाजार से घर वापस लौटा था। इसके बाद वह अपने दादा से यह कहकर निकला कि वह अपने फूफा मनबोध के घर जा रहा है। रात करीब 8 बजे जब प्रार्थिया को पड़ोसी मनबोध के घर की तरफ से लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनाई दी, तो वह दौडक़र मौके पर पहुंची।

घटनास्थल पर पहुंचने पर उसने देखा कि उसके पति संतोष प्रधान का खून से लथपथ शव आंगन में पड़ा हुआ था। उसके सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से गंभीर वार किए गए थे, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं, आरोपी मनबोध राम खून से सनी कुल्हाड़ी के पास ही बैठा हुआ था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मनबोध मांझी (60 वर्ष) पिछले लगभग 20 वर्षों से अपने ससुराल ग्राम जामबहार में घर जमाई के रूप में रह रहा था। मृतक संतोष प्रधान (जो उसकी पत्नी के भाई का बेटा था) के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर उसका अक्सर विवाद होता रहता था। घटना की रात संतोष उसके घर पहुंचा और जमीन को लेकर गाली-गलौज करने लगा। इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से संतोष के सिर व गर्दन पर वार कर उसकी जान ले ली।

पुलिस ने मृतका की पत्नी की रिपोर्ट पर थाना तपकरा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी मनबोध मांझी जामबहार चिटकाटोली, हालग्राम डूमरटोली, गोविन्दपुर, झारखंड को  गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


अन्य पोस्ट