जशपुर

तेज रफ्तार कार खंभे से टकराई, सुबह गायब
16-Oct-2026 9:31 PM
तेज रफ्तार कार खंभे से टकराई, सुबह गायब

जशपुरनगर, 16 अक्टूबर। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में  आधी रात तेज रफ्तार हुंडई कार के अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराने का मामला सामने आया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा मुड़ गया, और हादसे के बाद सुबह दुर्घटनाग्रस्त कार रहस्यमय तरीके से मौके से गायब मिली।

बीती रात करीब 1 बजे ग्रामीण बैंक के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के वक्त कार में 4 से 5 लोग सवार थे, जिनमें से 2 को मामूली चोटें आने की बात कही जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस द्वारा गाड़ी थाने ले जाने का विरोध किया और कहा कि हादसा स्वयं से हुआ है। इसके चलते रात में वाहन नहीं हटाया जा सका।

 सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि रात में दुर्घटना का शिकार हुई कार सुबह मौके से नदारद मिली। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि हादसे के वक्त कार में राजस्व विभाग के पटवारी कर्मचारी सवार थे।

फिलहाल, दुर्घटनाग्रस्त वाहन को वहां से किसने और कैसे हटाया, तथा इसके पीछे क्या वजह है, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।


अन्य पोस्ट