जशपुर

हरियाली के रंग में रंगा सेंट जेवियर्स स्कूल, पर्यावरण संरक्षण का संदेश
16-Oct-2026 6:57 PM
हरियाली के रंग में रंगा सेंट जेवियर्स स्कूल, पर्यावरण संरक्षण का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 16 अक्टूबर। सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, शांति भवन जशपुर में शुक्रवार को ग्रीन डे समारोह 2026-27 उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर हरियाली की थीम पर सजा नजर आया।

समारोह में विद्यालय के खुले हॉल, सूचना पट्ट और कक्षाओं को हरे रंग की थीम पर तैयार चार्ट, प्रकृति के चित्रों और पुनर्चक्रित सामग्री से सजाया गया। प्री-प्राइमरी और प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों ने फल-सब्जियों पर आधारित थ्री-डी मॉडल और प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता दिखाई। विद्यार्थियों ने अपने हाथों से बनाई हरी वस्तुओं, पत्तियों, फलों और सब्जियों को प्रदर्शित किया।

मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया, जबकि हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों ने नाटक प्रस्तुत किए और गीत गाकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

विद्यालय के प्राचार्य रेभ. फादर अजय केरकेट्टा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को सक्रिय भागीदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह प्रकृति की देखभाल करे और अधिक से अधिक पौधे लगाए। उन्होंने विद्यार्थियों से चारदीवारी के किनारे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि वे बड़े होकर परिसर की हरियाली बढ़ा सकें।

कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। समारोह का समापन प्राचार्य द्वारा दशहरा अवकाश की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया।


अन्य पोस्ट